Friday, 19 December 2014

ज़ख्म-ए-दिल का जायका

कलेजे पर पत्थर रखकर अब तो मैं हर रोज सोता हूँ
मिलाकर लहू शराब में अब तो मैं हर रोज पीता हूँ

ज़ख्म-ए-दिल का जायका बहुत खूब भाया है मुझको
मिलाकर तेरी यादों में अपना कलेजा हर रोज खाता हूँ

जब तुम न थे मेरा दिल न धड़कता था न सुलगता था
दिल के टुकड़े को सीने में डालकर अब हर रोज सीता हूँ

जिस्म अकड़कर पत्थर के मानिंद पड़ा है अब चौराहे पर
ज़हर का घूँट "धरम" इसको अब तो हर रोज पिलाता हूँ

Monday, 15 December 2014

अपना अंदाज़ बनाये रखा

अपने दिल को मैंने कुछ इस तरह जलाये रखा
उसकी तस्वीर को अपने सीने से लगाये रखा

वो हरेक मुलाक़ात में मुखड़ा बदल के मिलते थे
औ" मैं अपना वो पुराना अंदाज़ बनाये रखा

उसमे ज़माने को लूटने का बहुत खूब इल्म था
औ" मैं खुद को लुटाने की ख्वाईश बनाये रखा

वो ज़ीस्त के हरेक कदम को संभाल कर रखते थे
औ" मैं ठोकर खाकर लज़्ज़त-ए-संग बनाये रखा

पाकर ज़माने की खुशियां भी वो कभी खुश न हुए
औ" मैं हसरत-ए-लज़्ज़त-ए-आज़ार बनाये रखा

उसकी ज़िंदगी में हमेशा ग़ुमनामी ही रही "धरम"
औ" मैं ज़माने को अपना मुशदा-ए-क़त्ल सुनाये रखा


लज़्ज़त-ए-संग : पत्थर की चोट खाने का आनंद
हसरत-ए-लज़्ज़त-ए-आज़ार : दुखों से आनंद प्राप्त करने की लालसा
मुशदा-ए-क़त्ल : क़त्ल की खुशखबरी 

Saturday, 13 December 2014

ज़ीस्त के अंतिम प्रहर के लिए

दुखता नहीं है दिल किसी राहगर के लिए
आग लग के बुझ चुका है हमसफ़र के लिए

समंदर के मौज़ों पर बहुत अठखेलियां हुई
ज़ीस्त अब ढूंढता है किनारा बसर के लिए

दुनियाँ देख ली ज़माने को समझ भी लिया
कदम खुद-ब-खुद चल पड़ता है घर के लिए

दुनियाँ की रौशनी में अब तो आँख जलता है
जाँ बस रुकी है ज़ीस्त के अंतिम प्रहर के लिए

हर कब्रिस्तान की ज़मीं अब तो छोटी पड़ रही है
"धरम" शहर में खुल चुका है दुकाँ ज़हर के लिए

Friday, 12 December 2014

चंद शेर

1.

एहसास-ए-सुखन हर किसी को मुमकिन नहीं होता
हरेक मोहब्बत आबाद रहे ऐसा यक़ीनन नहीं होता

2.

मुझसे बिछड़ने के बाद ख़ुदा करे तुम रहो आबाद
हर ओर तुम्हारी ही चर्चा हो और तू रहे ज़िंदाबाद

3.

कट-कट के जिस्म गिर रहा है तेरे इंतज़ार में
लोग मुझपर अब तो थूक रहें हैं भरे बाज़ार में

4.

तमाम उम्र गुज़ार दी मैंने औरों के ग़मगुसार में
ख्वाईश अब रह ही गई उतरने का जाँ-ए-यार में







Tuesday, 18 November 2014

कोई ज़ख्म-ए-दिल नहीं है

फ़िज़ा में रंग है खुशबू है बहार भी है
और चमकता वो मेरा दामन-ए-यार भी है

दर्द-ए-हिज़्र का दूर तक कोई निशाँ नहीं है
जिधर भी देखूं दिखता सूरत-ए-यार ही है

बे-पनाह मोहब्बत की कहानी हरेक मज़ार पे है
बतौर-ए-निशानी चूमता रुखसार-ए-यार भी है

मोहब्बत के किस्से है यहाँ मुर्दा नाचता भी है
कि हरेक के बाहों में उसका बाहें-ए-यार भी है

जो बरसता है ग़ुलफाम हरेक शख्स झूमता भी है
नशा तारी है औ" चूमने को आरिज़-ए-यार भी है

अब कोई ज़ख्म-ए-दिल मुझको नहीं होता "धरम"
कि ज़ख्म और दिल के बीच वो नाम-ए-यार ही है

Sunday, 16 November 2014

वक़्त से आगे

मैं जो वक़्त से आगे निकलना चाह रहा था  
हर ओर दीवारें थी न कोई राह मिल रहा था

सारे राहगर मुझसे कब के पीछे छूट गए थे
वक़्त राक्षश के मानिंद आग उगल रहा था

बहुत दूर पर वहां देखा पत्थर पिघल रहा था
मानव बनकर दानव कुछ और उबल रहा था

बारिश में शबनम के साथ शोला गिर रहा था
खेत कभी खिल रहा था तो कभी जल रहा था

पूनम की चांदनी का रंग काला पड़ गया था
औ" अँधेरे में तो सबको सबकुछ दिख रहा था

Saturday, 15 November 2014

सारा जहाँ दे दो

मेरे अनकहे जज्बात को तुम अपनी जुबाँ दे दो
बरसों से दबे हुए उस प्यार को पूरा आसमाँ दे दो

मैंने सुना है तेरे दिल में ये पूरा ज़माना बसता है
अपना धड़कता दिल देकर मुझे सारा जहाँ दे दो

Friday, 14 November 2014

अपनी कब्र खोद आया

हर रंग में रंगा मगर जीने का न कोई अंदाज़ आया
अब मुझे मेरे हाल पर छोड़ दे मैं तुझसे बाज आया

जो उछाला था पत्थर मैंने उसे अपने ही सर पाया
हर ख़ुशी पे ग़म खाया औ" हर ग़म में मुस्कुराया

मेरा ज़नाज़ा-ए-इश्क़ तो तेरे ही दर से होकर आया
गुरूर-ए-हुस्न के नशे में तुमको ये न नज़र आया

अपने सीने का लहू मैं तेरे घर के चिराग में भर आया
मेरे जलते लहू का रंग भी अब तुझपर बे-असर आया  

मेरे मर्ज़ की कोई दवा न थी औ" दुआ भी बे-असर पाया
कि खुद अपने मरने का गैरों से जब मैंने ये खबर पाया

मज़ार-ए-इश्क़ के बगल में "धरम" खुद अपनी कब्र खोद आया
ता-उम्र तन्हाई में रहा और बाद मरने के ये रिश्ता जोड़ आया

Friday, 7 November 2014

सीने से लहू रिसता है

जब भी मेरे सीने से लहू रिसता है
मेरा ज़ख्म बहुत खूब मुस्कुराता है

मेरा हरेक दर्द मेरे कान में बुदबुदाता है
और धमनियों में लवण का संचार होता है 

Tuesday, 4 November 2014

चंद शेर

1.

तेरे शक्ल का नक़ाब लिए मैं खुद मारा फिरता हूँ
तेरे दुश्मन की गली में मैं यूँ ही आवारा फिरता हूँ

2.

ऐे गर्द-ए-सफर तेरा शुक्रिया
उसके गली की एक निशानी तो साथ है

3.

न जाने किस चमन की खुशबू फैली है मेरी ज़िंदगी में "धरम"
जो सिमट गई तो बिखर गई औ" जो बिखर गई तो सिमट गई

4.

ज़िंदगी कितनी नमकीन है तब पता चलता है
जब सारा मिठास बनकर पसीना बह जाता है

5.

कुछ दर्द मुझसे उधार लो तुम अपनी ज़िंदगी सँवार लो
कुछ ख़ुशी मुझको उधार दो मैं अपनी ज़िंदगी सँवार लूँ

6.

ये कैसी महफ़िल है कि यहाँ हर चेहरा अजनबी है
बस मैं एक फ़क़ीर हूँ और बाकी सब रियासती है