Tuesday, 21 July 2026

आदमी मानता नहीं है

बशर अब अपनी ही शक्ल आईने में पहचानता नहीं है
उसका अपना एक हाथ  दूसरे हाथ को जानता नहीं है

साथ निकला तो है मगर पता नहीं साथ जाएगा या नहीं  
क़ाफ़िले में रहना साथ चलना अब कोई ठानता नहीं है

सितारे यहाँ अब अपनी रौशनी से कभी चमकते नहीं हैं    
किसी का पता पाने को अब कोई ख़ाक छानता नहीं है

काग़ज़ की उड़ान है आसमाँ से कुछ बूँदें ही काफ़ी हैं  
कोई भी शिकारी वहाँ तीर-ओ-कमान तानता नहीं है

यहाँ कैसी मिट्टी है मलते ही कालिख़ जमने लगती है         
कि जान-बूझ कर कोई मिट्टी से चेहरा सानता नहीं है
 
बात कोई भी हो बस बयान की तरह ही दर्ज़ होती है
अब वह 'धरम' किसी और को आदमी मानता नहीं है

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.